विभिन्न क्षेत्रों में सुधार और नवाचार को बढ़ावा देने तथा इनके व्यापक स्तर पर प्रयोग एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली मुख्यालय में दिनांक 17 सितंबर, 2026 से 17 अक्तूबर, 2026 तक “रिफॉर्म उत्सव” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में, हमारे संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत दिनांक 21 सितंबर, 2026 को हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। अधिकारी वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता के विषय “एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन: समय की आवश्यकता” तथा “कृषि में जल बचत से जल सुरक्षा तक: एक सामूहिक संकल्प” निर्धारित किए गए थे। वहीं, कर्मचारी वर्ग के लिए “हिंदी और तकनीक: बदलते समय के साथ हिंदी का विकास” तथा “हिंदी और भारतीय भाषाएँ: विविधता में एकता” विषय निर्धारित किए गए थे।