भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली मुख्यालय में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित रिफॉर्म उत्सव के अंतर्गत भाकृअनुप-भारतीय जल प्रबंधन संस्थान, भुवनेश्वर में हिन्दी पखवाड़ा-2026 के दौरान दिनांक 25 सितंबर, 2026 को समिति कक्ष में हिन्दी कार्यशाला आयोजित की गई। डॉ. आर.के. पंडा, निदेशक (प्रभारी) के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक एवं हिन्दी अधिकारी (प्रभारी), डॉ. ओम प्रकाश वर्मा ने “राजभाषा नियमों, अधिनियमों एवं संबंधित दिशा-निर्देशों” पर व्याख्यान दिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्य हिन्दी में करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा हिन्दी के प्रयोग में होने वाली झिझक को दूर करना था। इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिक एवं गैर-वैज्ञानिक वर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।